धार , फरवरी 21 -- मध्यप्रदेश में धार जिले की जेतपुरा ग्राम पंचायत में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा निर्मित पानी की टंकी महज तीन साल में जर्जर हो गई है। लगभग 1 करोड़ 83 लाख 51 हजार रुपए की लागत से मछली केंद्र के पास निर्मित यह टंकी अब क्षेत्र के हजारों निवासियों के लिए खतरा बनती जा रही है।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2022 में निर्मित और 2023 में शुरू की गई इस टंकी में चारों ओर दरारें पड़ गई हैं। दरारों से लगातार पानी का रिसाव हो रहा है, जिससे टंकी की नींव और पिलर कमजोर हो रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों को आशंका है कि किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि अत्यधिक रिसाव के कारण टंकी भरते ही खाली हो जाती है। इसके चलते 15 से 20 दिनों तक जल आपूर्ति बाधित रही, जिससे गांव में पानी की समस्या उत्पन्न हो गई। ग्राम के उपसरपंच सुरेश मेडा ने बताया कि टंकी में प्रारंभ से ही रिसाव हो रहा था, लेकिन समय पर सुधार कार्य नहीं किया गया। अब स्थिति गंभीर है, सरिया तक गलने लगी है और पूरा ढांचा कमजोर पड़ गया है।
उपसरपंच ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई अधिकारी निरीक्षण के लिए नहीं पहुंचा। स्थानीय निवासी लखन भिड़े ने बताया कि उनका घर टंकी के पास है, जिससे उनका परिवार हमेशा भय में रहता है। वहीं प्रति व्यास ने कहा कि टंकी की सीढ़ियां जर्जर हो चुकी हैं और ऊपर चढ़ने पर पूरा ढांचा हिलता महसूस होता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र तकनीकी जांच कराकर मरम्मत या पुनर्निर्माण की मांग की है, ताकि संभावित हादसे को टाला जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित