अजमेर , दिसम्बर 18 -- राजस्थान में अजमेर जिले के किशनगढ़ के मदनगंज थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात जूते-चप्पल के गोदाम में आग लगने से लाखों रुपये का माल जलकर खाक हो गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर की आवासीय सिंधी कॉलोनी क्षेत्र स्थित जूते-चप्पल के गोदाम में अज्ञात कारणों से देर रात करीब दो बजे आग लग गई। आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया जिससे क्षेत्र में अफरा तफरी का माहौल बन गया। तीन मंजिला इस गोदाम के निचले भाग में लगी आग कुछ ही देर में तीसरी मंजिल तक पहुंच गई। आग के लपटें दूर से देखी गईं।

सूत्रों ने बताया कि दमकल गाड़ियां और क्षेत्रवासियों के सहयोग से पानी के टैंकर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कार्रवाई की गई। गोदाम के तीसरी मंजिल तक फैली आग बुझाने में दमकलकर्मियों को भारी मशक्कत करनी पड़ी। आवासीय कॉलोनी की संकरी गली में गोदाम होने के कारण दमकल को पहुंचने में काफी परेशानी हुई।

सूत्रों ने बताया कि इस भीषण आग को बुझाने के लिए अग्नि शमन विभाग की छह दमकल गाड़ियों ने करीब 10 से ज्यादा फेरे करके गुरुवार सुबह आग पर काबू पाया।आग से लाखों रुपये का माल जलकर खाक होने की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित