प्रयागराज , मार्च 13 -- पवित्र रमजान माह में अंतिम जुमे यानी अलविदा जुम्मा की नमाज को लेकर प्रयागराज में पुलिस अलर्ट मोड में है। संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस कमिश्नरेट के तीनों जोनों में डीसीपी के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला जा रहा है। शहरी क्षेत्र में डीसीपी मनीष कुमार शांडिल्य, एडीसीपी विजय आनंद और एसीपी कोतवाली रवि गुप्ता के नेतृत्व में खुल्दाबाद, नुरुल्लाह रोड, अटाला और चौक कोतवाली क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया गया। फ्लैग मार्च में पुलिस, पीएसी और रैपिड एक्शन फोर्स के जवान शामिल रहे। इसके साथ महिला पुलिसकर्मी और डॉग स्क्वाड भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किए गए।

पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि सिटी जोन में ही करीब 300 से अधिक मस्जिदों में अलविदा जुमे की नमाज अदा की जाएगी। इसे देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है, जबकि भीड़भाड़ और संवेदनशील इलाकों पर ड्रोन कैमरों से भी नजर रखी जा रही है।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भी पुलिस की कड़ी निगरानी है। यदि कोई व्यक्ति भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट करता पाया गया तो उसके खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित