बैतूल , जनवरी 23 -- ट्रेनों में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए शासकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) द्वारा लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत मध्यप्रदेश की बैतूल जिले की जीआरपी आमला को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है।
जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने कल ट्रेन नंबर 12615 जीटी एक्सप्रेस के जनरल कोच से दो आरोपियों को गांजे की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक व उप पुलिस महानिरीक्षक रेल भोपाल राहुल लोढ़ा के निर्देश पर स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों की सघन जांच की जा रही थी। जांच के दौरान दो संदिग्ध यात्रियों के हैंड बैग की तलाशी ली गई, जिसमें 8 किलो 600 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 29 हजार रुपए बताई गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित