हैदराबाद , दिसंबर 28 -- पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) सुधारों को भारत की आर्थिक यात्रा का एक महत्वपूर्ण मोड़ बताते हुए कहा है कि इनसे देश में परिवर्तनकारी बदलाव की मजबूत नींव रखी गयी है।
श्री नायडू रविवार को हैदराबाद स्थित अपने आवास पर तेलंगाना राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व अध्यक्ष वकुलभरणम कृष्णमोहन राव से जीएसटी सुधारों पर एक पुस्तक प्राप्त करने के लोगों को संबोधित कर रहे थे।
श्री नायडू ने लेखक को बधाई देते हुए कहा कि यह पुस्तक सामाजिक न्याय, आर्थिक समानता और विकास के दृष्टिकोणों को एकीकृत करते हुए जीएसटी का व्यापक मूल्यांकन प्रस्तुत करती है।
उन्होंने कहा कि यह पुस्तक स्पष्ट रूप से बताती है कि कर प्रणाली के एकीकरण से किस प्रकार एक राष्ट्रीय बाजार का निर्माण हुआ, पारदर्शिता में सुधार हुआ और करदाताओं के लिए अनुपालन आसान हुआ। इसके साथ ही केंद्र और राज्यों के बीच राजकोषीय समन्वय भी मजबूत हुआ।
श्री नायडू ने लेखक द्वारा अपनाए गए दृष्टिकोण की सराहना करते हुए कहा कि यह पुस्तक आर्थिक सुधारों को उनके व्यापक सामाजिक प्रभाव से जोड़कर आंकड़ों से परे जाती है, जिससे यह छात्रों, शोधकर्ताओं, नीति निर्माताओं और आम जनता सभी के लिए उपयोगी है।पूर्व उपराष्ट्रपति ने याद दिलाया कि इस पुस्तक का विमोचन हाल ही में नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा किया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित