लुधियाना , जनवरी 21 -- केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी), लुधियाना के अधिकारियों ने एक प्रमुख रियल एस्टेट डेवलपर के विरुद्ध चल रही जांच के दौरान 10 करोड़ रुपये की राशि की वसूल की है।
सीजीएसटी विभाग के प्रवक्ता ने बुधवार को यहां जारी बयान में बताया कि यह जांच विकास प्रयोजन के लिए दीर्घकालिक पट्टे पर ली गयी भूमि के संबंध में रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) को अदा किये गये अग्रिम पट्टा प्रीमियम पर रिवर्स चार्ज मैकेनिज़्म (आरसीएम) के अंतर्गत वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के कथित गैर-भुगतान से संबंधित है। जांच की अवधि वित्तीय वर्ष 2022-23 से 2025-26 तक की है। जांच के दौरान करदाता द्वारा अपनी जीएसटी देयता के विरुद्ध स्वेच्छा से 10 करोड़ रूपये की राशि इलेक्ट्रॉनिक नकद लेजर के माध्यम से जमा करवायी गयी।
प्रवक्ता ने बताया कि कर अनुपालना को प्रोत्साहित करने वाले पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण के अपने प्रयासों के तहत, केंद्रीय जीएसटी, लुधियाना द्वारा विभिन्न प्रवर्तन उपाय अपनाये जा रहे हैं, जिनके परिणामस्वरूप चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 93 करोड़ रूपे की जीएसटी वसूली की जा चुकी है। मामले में आगे की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित