मुंबई , मार्च 10 -- श्री जिष्णु देव वर्मा ने मंगलवार को महाराष्ट्र के 22वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली।

यहां लोक भवन में आयोजित समारोह में बॉम्बे उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश चंद्रशेखर ने श्री जिष्णु देव वर्मा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्रीद्वय एकनाथ शिंदे और सुश्री सुनेत्रा पवार सहित कई अन्य गणमान्य हस्तियां मौजूद थी।

शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल को भारतीय नौसेना ने औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। श्री फडणवीस, श्री शिंदे और सुश्री सुनेत्रा पवार ने उन्हें फूलों के गुलदस्ते भेंट कर बधाई दी।

पन्द्रह अगस्त 1957 को त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में जन्मे श्री जिष्णु देव वर्मा त्रिपुरा के पूर्व शाही परिवार माणिक्य वंश से संबंधित हैं। उनके पिता रामेंद्र किशोर देबबर्मा त्रिपुरा के महाराजा बीर बिक्रम माणिक्य के सैन्य सचिव और गृह सचिव थे। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से अंग्रेजी साहित्य में पढ़ाई की और अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के छात्र विंग त्रिपुरा स्टूडेंट्स फेडरेशन (टीएसएफ) से की। उन्होंने टीएसएफ में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया और छात्र कल्याण के लिए अपनी नेतृत्व क्षमता और प्रतिबद्धता दिखाई।उन्होंने छात्र आंदोलनों और विरोध प्रदर्शनों का आयोजन किया, शिक्षा संबंधी मुद्दों पर जागरूकता फैलाई और सरकार से नीतिगत बदलाव की मांग की। इन गतिविधियों ने उन्हें एक प्रमुख छात्र नेता के रूप में स्थापित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित