पटना , मार्च 11 -- पटना के जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम ने बुधवार को कहा है कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और सभी डिस्ट्रिब्यूटर्स और गैस कंपनियों के पास इसकी पर्याप्त उपलब्धता।
जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन ने बताया है कि एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग और डिलिवरी की प्रक्रिया पहले की तरह सुचारु रूप से जारी है। उपभोक्ता मिस्ड कॉल, एसएमएस/आईवीआरएस, व्हाट्सएप और ओटीपी के माध्यम से गैस बुक कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि एक सिलेंडर की बुकिंग और अगली बुकिंग के बीच 25 दिनों का निर्धारित अंतराल है, जो व्यवस्था को संतुलित बनाए रखने के लिये लागू किया गया है।
उन्होंने बताया है कि इस विषय को लेकर गैस कंपनियों के एरिया ऑफिसर्स, फील्ड ऑफिसर्स, अपर जिला दंडाधिकारी (आपूर्ति), विशिष्ट पदाधिकारी अनुभाजन और सभी अनुमंडल पदाधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की गई है। प्रशासन पूरे हालात पर लगातार नजर रखे हुये है और कहीं भी एलपीजी आपूर्ति में कोई समस्या नहीं है।
उन्होंने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने- अपने क्षेत्रों में एलपीजी गैस डीलरों और वितरकों के यहां नियमित निरीक्षण और छापेमारी करें। साथ ही ब्लैकमार्केटिंग और जमाखोरी (होर्डिंग) को सख्ती से रोकने और ऐसा करने वालों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश भी दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जायेगी और गैस आपूर्ति की व्यवस्था सुचारु रूप से जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित