कपूरथला , अप्रैल 01 -- पंजाब में कपूरथला के उपायुक्त अमित कुमार पांचाल ने कहा है कि जिले के अधिकार क्षेत्र वाली सभी गैस एजेंसियों के पास घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति निरंतर जारी हैउन्होंने आम जनता से अपील की है कि घरेलू गैस सिलेंडरों और पेट्रोल/डीजल की आपूर्ति को लेकर किसी भी तरह की घबराहट की आवश्यकता नहीं है। सभी गैस एजेंसियों के पास घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति निरंतर जारी है। लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गैस बुकिंग के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई है, जिसके अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों के बाद और शहरी क्षेत्रों में 25 दिनों के बाद ही गैस सिलेंडर बुक करवाया जा सकेगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर घर तक समय पर गैस पहुँच सके और किसी को भी कमी का सामना न करना पड़े।
उपायुक्त ने कहा कि कई बार अफवाहों या गलत जानकारी के कारण लोग आवश्यकता से अधिक गैस सिलेंडर बुक करवा लेते हैं, जिससे अन्य लोगों को कठिनाई हो सकती है। इसलिए सभी नागरिकों से अपील है कि वे केवल अपनी जरूरत के अनुसार ही गैस बुकिंग करवाएं और प्रशासन के साथ सहयोग करें।इसके अतिरिक्त, जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल की भी कोई कमी नहीं है और पूरा स्टॉक उपलब्ध है। इसलिए लोग घबराकर अधिक मात्रा में पेट्रोल या डीजल खरीदकर घरों में इकट्ठा न करें।
उपायुक्त ने जनता से अफवाहों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि जिला प्रशासन द्वारा सभी जरूरी कदम उठाये जा रहे हैं ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी न आए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित