भरतपुर , फरवरी 02 -- राजस्थान में गंगापुर सिटी में सोमवार को राजस्थान उच्च न्यायालय जयपुर पीठ के आदेश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने उप कारागृह का औचक निरीक्षण करके बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली।
विधिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर की सचिव समीक्षा गौतम और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सवाई माधोपुर आशुतोष सिंह आढ़ा ने निरीक्षण के दौरान बंदियों को पीने योग्य पानी की उपलब्धता, पानी के स्रोत की स्थिति और साफ-सफाई की जांच भी की।
अधिकारियों ने जल विश्लेषण रिपोर्ट, आपात स्थिति के लिए भूमिगत जल की व्यवस्था, स्नानागार और शौचालयों की उपलब्धता एवं स्वच्छता का जायजा लेते बंदियों के नहाने और कपड़े धोने के लिए पर्याप्त पानी, डिटर्जेंट एवं साबुन की आपूर्ति, बंदियों के अनुपात में टॉयलेट की संख्या और बैरकों की साफ-सफाई की स्थिति भी जांची। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बंदियों से अलग-अलग बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनकर शिकायतों और सुझावों के त्वरित निवारण के लिए कार्यवाहक जेलर को आवश्यक निर्देश दिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित