भोपाल , मार्च 23 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को जिला मूल्यांकन समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें वर्ष 2026-27 की प्रस्तावित कलेक्टर गाइड लाइन पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में दक्षिण-पश्चिम विधायक भगवानदास सबनानी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए, जबकि विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जनप्रतिनिधियों और आमजन से प्राप्त सुझावों पर विचार-विमर्श करते हुए गाइड लाइन के प्रारूप में आवश्यक संशोधन किए गए।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार प्रस्तावित गाइड लाइन में कुल 2177 कंडिकाएं शामिल हैं, जिनमें से लगभग 66 प्रतिशत में किसी प्रकार की वृद्धि प्रस्तावित नहीं की गई है, जबकि करीब 740 कंडिकाओं में दरों में वृद्धि का प्रस्ताव रखा गया है।
बैठक में प्राप्त 63 सुझावों पर चर्चा की गई, जिनमें से 4 को पूर्ण रूप से स्वीकार, 34 को आंशिक रूप से स्वीकार तथा 22 को अमान्य किया गया। तीन सुझावों को केन्द्रीय मूल्यांकन बोर्ड को भेजने का निर्णय लिया गया।
औद्योगिक क्षेत्रों की दरों को उनकी वास्तविक स्थिति के अनुरूप रखते हुए मुख्य मार्गों और आंतरिक क्षेत्रों के लिए अलग-अलग दरें तय करने के निर्देशों के आधार पर संशोधन किए गए। साथ ही नवीन कॉलोनियों को गाइड लाइन में शामिल करने और ग्रामीण क्षेत्रों की दरों को पृथक रूप से निर्धारित करने पर भी निर्णय लिया गया।
भोपाल विकास प्राधिकरण द्वारा रक्षा विहार और ऐरो सिटी परियोजनाओं की दरों में आंशिक संशोधन के प्रस्ताव को भी समिति ने स्वीकृति प्रदान की। बैठक के अंत में कलेक्टर ने वरिष्ठ जिला पंजीयक को निर्देश दिए कि प्रस्तावित गाइड लाइन को अंतिम रूप देकर केन्द्रीय मूल्यांकन बोर्ड को प्रेषित किया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित