पटना , दिसंबर 20 -- भीषण शीतलहर के बढ़ते प्रकोप को देखते हुये पटना जिला प्रशासन ने राहत और बचाव के लिये पटना सदर, फुलवारी शरीफ, दानापुर समेत सभी अंचलों में कुल 107 चिन्हित स्थलों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की गई है, जिससे ठंड से आमजन को राहत मिल सके।
प्रमुख स्थानों में पटना जंक्शन, पीएमसीएच, राजेंद्र नगर टर्मिनल, सगुना मोड़, खगौल स्टेशन, सचिवालय समेत अन्य भीड़भाड़ वाले इलाके शामिल हैं, जहां नियमित रूप से अलाव जलाये जा रहे हैं।
शीतलहर से सबसे अधिक प्रभावित गरीब और आश्रय विहीन लोगों के लिये नगर निगम की ओर से विशेष व्यवस्था की गई है। न्यू सचिवालय गेट नंबर-03, शेखपुरा मोड़, हड़ताली मोड़, मछली मार्केट सहित कुल 26 स्थायी एवं अस्थायी रैन बसेरा/आश्रय स्थलों में अब तक 7,264 लोगों ने आश्रय लिया है। शनिवार को ही 509 जरूरतमंदों को इन रैन बसेरों में सुरक्षित ठहराया गया है।
जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि शीतलहर और पाले की स्थिति में आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी 'क्या करें और क्या न करें' के दिशा- निर्देशों का सख्ती से पालन करें।
किसी भी आपात स्थिति में नागरिक जिला आपातकालीन संचालन केंद्र, पटना- 0612-2210118, आपदा प्रबंधन विभाग टोल फ्री नंबर- 1070 और स्वास्थ्य विभाग हेल्पलाइन नंबर- 104 पर संपर्क कर सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित