लखीसराय , मार्च 06 -- बिहार में लखीसराय के जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में शुक्रवार को फॉर्मर रजिस्ट्री कार्य की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में चल रहे फॉर्मर रजिस्ट्री कार्य की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करना तथा इसकी प्रगति को और तेज करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देना था।
बैठक के दौरान अब तक किए गए फॉर्मर रजिस्ट्री कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही किसान पहचान पत्र (फार्मर आईडी) निर्माण के दौरान आ रही विभिन्न तकनीकी एवं प्रक्रियागत कठिनाइयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
नोडल पदाधिकारियों द्वारा जमीनी स्तर पर आ रही समस्याओं से जिला पदाधिकारी को अवगत कराया गया, जिस पर जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं समाधान के लिए निर्देश दिए।
जिला पदाधिकारी श्री मिश्र ने कहा कि फॉर्मर रजिस्ट्री सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से किसानों की सटीक पहचान सुनिश्चित की जा रही है, जिससे भविष्य में विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ सीधे पात्र किसानों तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित