अलवर , दिसम्बर 12 -- राजस्थान में अलवर की जिला कलेक्टर आर्तिका शुक्ला ने शुक्रवार को जिला कारागृह का औचक निरीक्षण कर जेल की आंतरिक व्यवस्थाओं, बंदियों की स्थिति और सुरक्षा प्रबंधन का जायजा लिया।
सुश्री शुक्ला ने बताया कि मेडिकल वार्ड का विशेष रूप से निरीक्षण किया गया है, जहां आवश्यक सुधारों और आधुनिक सुविधाओं को शामिल करने पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। बंदियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और जल्द ही मेडिकल वार्ड में आवश्यक सुधार किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि महिला बंदियों की मांगों को ध्यान में रखते हुए महिला कर्मचारियों एवं महिला बंदियों के लिए विशेष 'पिंक टॉयलेट' स्वीकृत करने की संभावना पर भी विचार किया गया है। महिला हितों से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर जल्द ही सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
सुश्री शुक्ला ने बताया कि जेल परिसर में सौर पैनल लगाने को लेकर भी चर्चा हुई, ताकि ऊर्जा बचत के साथ जेल की सुविधाओं में दीर्घकालिक सुधार किया जा सके। कलेक्टर ने जेल में साफ-सफाई और अनुशासन व्यवस्था को संतोषजनक बताया। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां सुधार की आवश्यकता है, वहां शीघ्र प्रभावी उपाय लागू किए जाएं, ताकि जेल को आधुनिक, सुरक्षित और मानवीय सुविधाओं से युक्त बनाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित