भरतपुर , फरवरी 19 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर के जिला कलेक्टर कानाराम के नाम से उनकी फोटो लगाकर फर्जी वॉट्सऐप आईडी बनाकर साइबर ठगों द्वारा लोगों को संदेश भेजकर रुपये मांगे जाने का मामला सामने आया है।
यह मामला सामने आने के बाद गुरुवार को जिला प्रशासन ने पुलिस अधिकारियों को जानकारी देकर इस संबंध में कानूनी कार्रवाई के आदेश दिये।
श्री कानाराम ने बताया कि उनके मोबाइल नंबर पर उनकी फोटो लगाकर उनके नाम से फर्जी वॉट्सऐप आईडी बनायी गयी। इस नंबर से उनके दोस्तों और परिचितों को संदेश भेजकर रुपये भी मांगे गये। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को फर्जी नंबरों के झांसे में न आने का अनुरोध करते हुए करते हुए कहा है कि अज्ञात या अंतरराष्ट्रीय नंबरों से प्राप्त कॉल, मैसेज अथवा वीडियो कॉल का उत्तर नहीं दें, साथ ही किसी भी स्थिति में व्यक्तिगत जानकारी, बैंक विवरण या ओटीपी साझा न करें।
श्री कानाराम ने कहा कि संदिग्ध नंबर या प्रोफाइल को तुरंत ब्लॉक करके व्हाट्सऐप पर रिपोर्ट करें और किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित