हरिद्वार , मार्च 11 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बुधवार को भूपतवाला स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर वहां की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने निरीक्षण के दौरान अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और अधिकारियों एवं चिकित्सकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को सभी जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर मिलनी चाहिए। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए और अस्पताल में व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जाएं।
इस दौरान जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं की सुविधा के लिए तैयार किए गए प्रसव कक्ष का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी और संबंधित चिकित्सकों को निर्देश दिए कि प्रसव कक्ष को जल्द से जल्द शुरू किया जाए, ताकि अस्पताल में आने वाली गर्भवती महिलाओं को प्रसव की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिल सके और उन्हें अन्यत्र जाने की परेशानी न उठानी पड़े।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में स्वच्छता बनाए रखना बेहद आवश्यक है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, डॉ. हर्ष, डॉ. नितिन, डॉ. अजीन सहित अन्य चिकित्सक व कर्मचारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित