मऊ , मई 01 -- उत्तर प्रदेश में मऊ के जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत खुरहट स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में पेड़ के नीचे ग्राम चौपाल आयोजित कर जनसमस्याएं सुनीं और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी मोहम्मदाबाद गोहना से ग्राम पंचायत में फार्मर रजिस्ट्री की स्थिति की जानकारी ली। कुछ किसानों का पंजीकरण शेष पाए जाने पर उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी कुछ दिनों के भीतर सभी पात्र किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण कराई जाए।

इस अवसर पर जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि ग्राम पंचायत में विभिन्न योजनाओं से वंचित पात्र लाभार्थियों की सूची तैयार कर उन्हें तत्काल लाभान्वित किया जाए।

जिलाधिकारी ने राजस्व संबंधी मामलों की समीक्षा करते हुए धारा 24 (पैमाइश), धारा 116 (कुर्रा बंटवारा) और धारा 34 (नामांतरण) के लंबित वादों की प्रगति जानी। समीक्षा में कानूनगो एवं लेखपालों द्वारा रिपोर्ट लगाने में अधिक पेंडेंसी पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कानूनगो और लेखपालों के कार्य प्रदर्शन के आधार पर ही उनकी वार्षिक गोपनीय प्रविष्टि (एसीआर) तैयार की जाएगी। जिन कार्मिकों की कार्यप्रणाली संतोषजनक नहीं पाई जाएगी, उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के साथ स्थानांतरण भी किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व वादों के समयबद्ध निस्तारण में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को समय पर न्याय मिल सके।

चौपाल में उप जिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री, जिला पंचायत राज अधिकारी कुमार अमरेंद्र, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष उपाध्याय, जिला पूर्ति अधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित