टिहरी, जनवरी 30 -- उत्तराखंड में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट के वीसी कक्ष में विकासात्मक कार्यों और स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में ग्राम्य एवं शहरी विकास, फ्लैगशिप प्रोग्राम और राजस्व से संबंधित कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने जिला, राज्य और केंद्र पोषित योजनाओं की वित्तीय स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एनआरएलएम, लखपति दीदी, एनयूएलएम और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई और जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी को सभी नगर पालिकाओं/नगर पंचायतों से वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट और 2024-25 की अवशेष राशि का विवरण प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उद्यान विभाग की एप्पल मिशन, कीवी योजना और बागवानी मिशन, स्वास्थ्य विभाग की टीवी मुक्त भारत योजना तथा कृषि, डेयरी, पशुपालन और सहकारिता विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई। सहकारिता विभाग को कार्यों में तेजी लाने और पशुपालन विभाग को जिले की गौशालाओं की समरी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी देते हुए जिला पर्यटन एवं विकास अधिकारी ने बताया कि वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के गैर-वाहन मद में 10 के लक्ष्य के सापेक्ष 6 प्रकरण स्वीकृत किए जा चुके हैं, जबकि वाहन मद में 15 के लक्ष्य के सापेक्ष 67 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं, दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास (होमस्टे) विकास योजना के अंतर्गत 28 के लक्ष्य में 9 प्रकरण प्राप्त हुए हैं।
जिलाधिकारी ने मानचित्र संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए जिला पंचायत और जिला विकास प्राधिकरण के साथ विशेष बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। जिला उद्योग केंद्र के जीएम ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना (एमएसवाई) के अंतर्गत 650 के लक्ष्य के सापेक्ष 1067 आवेदन प्राप्त होने और 1020 आवेदन बैंकों को भेजे जाने की जानकारी दी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित