पटना , अप्रैल 30 -- पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. के निर्देश पर शहर में 02 मई से अतिक्रमण के विरूद्ध अभियान की पुनः शुरुआत की जायेगी।

जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने इस अतिक्रमण-उन्मूलन अभियान के लिए नौ टीमों का गठन किया है। यह एक विशेष अभियान होगा जो पटना नगर निगम के छः अंचलों-नूतन राजधानी, पाटलिपुत्र, कंकड़बाग, बाँकीपुर, अजीमाबाद, पटना सिटी- के साथ नगर परिषद् खगौल, फुलवारीशरीफ एवं दानापुर निजामत में भी चलाया जाएगा। इसमें प्रशासन, नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस, परिवहन, राजस्व, पथ निर्माण, स्वास्थ्य, पुलिस, अग्निशाम, पुल निर्माण निगम, दूरसंचार, वन प्रमंडल, विद्युत सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल होंगे।

जिलाधिकारी ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों से जनहित में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नियमित तौर पर की जा रही है। शहरी प्रबंधन इकाई के अधिकारियों को हर महीने अग्रिम तौर पर अतिक्रमण-उन्मूलन अभियान का कैलेंडर जारी कर जनहित में प्रभावी ढंग से अतिक्रमण हटाने तथा फॉलो-अप टीम को क्रियाशील रखने का निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित