मुंबई , जनवरी 23 -- रिलायंस समूह की कंपनी जियो फाइनेंशल सर्विसेज और अमेरिकी कंपनी ब्लैकरॉक की संयुक्त उद्यम वाली इकाई जियोब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड ने शुक्रवार को इक्विटी में अपनी नयी निवेश पेशकश जियोब्लैकरॉक सेक्टर रोटेशन फंड की घोषणा की।
कंपनी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि सेक्टर रोटेशन फंड में किसी विशेष इक्विटी की बजाय सेक्टर पर फोकस किया जायेगा। उसने निफ्टी 500 से ज्यादा रिटर्न का लक्ष्य रखा है। इसमें आंकड़ों और एआई आधारित विश्लेषण के आधार पर भारतीय इक्विटी बाजार में सेक्टर विशेष का अध्ययन किया जायेगा तथा उसी के आधार पर निवेश किया जायेगा।
नया फंड ऑफर (एनएफओ) मंगलवार 27 जनवरी से उपलब्ध होगा और 09 फरवरी को बंद होगा।
जियोब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट के मुख्य निवेश अधिकारी ऋषि कोहली ने कहा कि पिछले एक दशक में सेक्टरों की स्थिति में बदलाव आते रहे हैं। उपभोग, भू-राजनैतिक स्थिति तथा वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में लगातार बदलाव के बीच जियोब्लैकरॉक सेक्टर रोटेशन फंड निवेशकों को सेक्टर में निवेश का अनुपात बदलने की अनुमति देता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित