ऋषिकेश , फरवरी 12 -- उत्तराखंड के कोटद्वार में जिम ट्रेनर मोहम्मद दीपक को लेकर चल रहे विवाद ने गुरुवार को ऋषिकेश में तूल पकड़ लिया। हिंदू रक्षा दल के कई कार्यकर्ता कोटद्वार कूच की तैयारी में जुट गए, जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया।
शहर के इंद्रमणि बडोनी चौक पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस के समझाने के बावजूद जब वे नहीं माने तो उन्हें हिरासत में लेकर कोतवाली ले जाया गया।
कोतवाली में भी कार्यकर्ता कोटद्वार जाने की जिद पर अड़े रहे, जिस पर पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
इस बीच हिंदू रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वे अपने कार्यकर्ताओं के साथ कोटद्वार जाकर जिम ट्रेनर के खिलाफ कार्रवाई करना चाहते थे। उन्होंने यह भी दावा किया कि भले ही पुलिस ने उन्हें रोक दिया हो लेकिन वह अपने विरोध से पीछे नहीं हटेंगे। उनके बयान को लेकर माहौल और गरमा गया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कुछ संगठनों को चेतावनी भी दी, जिस पर पुलिस प्रशासन ने स्थिति को गंभीरता से लिया है।
मौके पर मौजूद क्षेत्राधिकारी (सीओ) ने बताया कि कार्यकर्ताओं को समझाया जा रहा है और उनसे पूछताछ की जा रही है। कोटद्वार में किसी प्रकार का तनाव न फैले, इसी उद्देश्य से उन्हें आगे जाने से रोका गया है।
फिलहाल पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है और क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित