कोटा , मार्च 16 -- राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने कहा है कि कोटा जिले में उनके विधानसभा क्षेत्र रामगंजमंडी की जिस पंचायत में उनकी पदयात्रा गई है, उन सभी गांव में राजस्व विभाग, पंचायती राज विभाग,पेंशन से संबंधित विभाग, रसद विभाग की टीम बनाकर 15 दिवस में सरकारी योजनाओं के पात्र लोगों का सर्वे कर उन्हें लाभान्वित करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।
श्री दिलावर सोमवार को जिले में बोरावास ग्राम पंचायत के ग्राम बलिडा में अपनी यात्रा के समापन अवसर पर बोलते हुए यह बात कही। उन्होंने इसके लिए खंड विकास अधिकारी लाडपुरा एवं नायब तहसीलदार मंडाना को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पदयात्रा निकालने की सार्थकता तभी है,जब इन ग्रामीणों को उनके हक का सरकारी योजनाओं का लाभ मिले। यदि उनके यहां आने के बाद भी यह सरकारी योजनाओं का लाभ लेने से वंचित रहते हैं तो फिर पदयात्रा निकालने का कोई मायने नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि अधिकारी इस बात का विशेष ध्यान रखें कि गांव में खाद्य सुरक्षा योजना, पेंशन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना का पात्र कोई भी व्यक्ति लाभ लेने से वंचित नहीं रहना चाहिए। यदि अब भी कोई व्यक्ति वंचित रह गया तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।
उन्होंने ग्राम बोराबास में सार्वजनिक सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 15 लाख रुपए की स्वीकृति की घोषणा की। गांव में ही देवनारायण मंदिर परिसर के पास सार्वजनिक उद्यान में टीन शेड एवं इंटरलॉकिंग निर्माण के लिए 25 लाख रुपए की घोषणा की। ग्राम बोराबास मे एक्सीलेंट लॉ कॉलेज के पास जेठ गुर्जर के मकान के पास पेयजल ट्यूबवेल की स्थापना की घोषणा। ग्राम कोटा डैम की टपरियन ग्राम पंचायत बोराबास में राजकीय प्राथमिक विद्यालय की छत की मरम्मत करने के लिए पांच लाख रुपए देने की घोषणा की। इसी गांव में तेजाजी मंदिर के पास पेयजल ट्यूबवेल की स्थापना करने की घोषणा भी की गई। उन्होंने गांव में इंटरलॉकिंग खरंजा मय नाली निर्माण के लिए भी 15 लाख रुपए की घोषणा की।
उल्लेखनीय है कि श्री दिलावर ने शुक्रवार को चार दिवसीय पदयात्रा शुरु की थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित