जालौन , दिसंबर 20 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में शनिवार को घने कोहरे और शीतलहर को देखते हुए सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में जनपद जालौन में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 सहित फोर लेन और एक्सप्रेस-वे पर विशेष सतर्कता अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कोहरे के कारण दृश्यता अत्यंत कम हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए ऐसे वाहनों की पहचान की जा रही है जिनमें रिफ्लेक्टर या इंडिकेटर नहीं लगे हैं। अभियान के दौरान हाईवे और एक्सप्रेस-वे पर बड़ी संख्या में वाहनों की जांच की गई और जिन गाड़ियों में रिफ्लेक्टर नहीं पाए गए, उनमें तत्काल रिफ्लेक्टर लगाए गए।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह अभियान केवल एक दिन का नहीं है, बल्कि लगातार चलाया जाएगा। विशेष रूप से भारी वाहनों, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और मालवाहक गाड़ियों पर रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं ताकि रात और कोहरे के समय वे दूर से ही दिखाई दें और दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित