जालौन , अप्रैल 10 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में स्मार्ट मीटर व्यवस्था के विरोध में शुक्रवार को महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। उरई स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में गुलाबी गिरोह की महिलाओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर नारेबाजी की और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। गुलाबी गिरोह की अध्यक्ष अंजू शर्मा के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लागू होने के बाद बिजली का खर्च काफी बढ़ गया है। उनका कहना था कि जहां पहले सामान्य मीटर में 200 से 300 रुपये का मासिक बिल आता था, वहीं अब यह बढ़कर करीब 1000 रुपये तक पहुंच गया है, जिससे गरीब, किसान और मजदूर वर्ग पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
महिलाओं ने यह भी कहा कि स्मार्ट मीटर के रिचार्ज में तकनीकी समस्याएं आती हैं और कई बार मीटर खराब होने के बावजूद न्यूनतम शुल्क देना पड़ता है, जिससे उपभोक्ताओं में आक्रोश है। प्रदर्शनकारियों ने घरों में लगे स्मार्ट मीटर हटाकर पुनः पुराने मीटर लगाने की मांग की और किसान व मजदूर वर्ग को इस व्यवस्था से बाहर रखने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित