जालौन , जनवरी 23 -- उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के कोंच कोतवाली क्षेत्र में युवती के अपहरण का मामला शुक्रवार को उस समय तूल पकड़ गया, जब पुलिस ने हिरासत में लिए गए आरोपी सपा नेता को छोड़ दिया। इस कार्रवाई से आक्रोशित हिंदू संगठनों और स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार के समर्थन में विरोध प्रदर्शन किया।

दोपहर करीब दो बजे शुरू हुआ यह प्रदर्शन धीरे-धीरे व्यापक रूप लेता गया। विश्व हिंदू परिषद और अन्य हिंदू संगठनों के सैकड़ों लोग सरोजिनी नायडू पार्क में एकत्र हुए। प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए पैदल मार्च के रूप में कोतवाली पहुंचे और आरोपी मुस्लिम युवक व सपा नेता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पुलिस ने आरोपी को संरक्षण देते हुए हिरासत के बाद छोड़ दिया, जिससे पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल पा रहा है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस ने सपा नेता रिजवान मंसूरी उर्फ छोटू टाइगर समेत दो लोगों के खिलाफ युवती के अपहरण की एफआईआर दर्ज की थी। बावजूद इसके आरोपी की गिरफ्तारी न होने से हिंदू संगठनों में नाराजगी बढ़ गई। कई संगठनों ने इस प्रकरण को 'लव जिहाद' से जोड़ते हुए कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित