जालौन , जनवरी 16 -- उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के एट थाना अंतर्गत एनएचएआई-27 पर ग्राम जखौली के समीप शुक्रवार को प्याज से भरा एक ट्रक अचानक टायर फटने के कारण अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े पांच लोगों को रौंदता हुआ पलट गया। इस भीषण दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों के साथ मिलकर हाईवे पर बिखरी प्याज की बोरियों को हटवाया। ट्रक से बड़ी मात्रा में प्याज सड़क पर फैल जाने के कारण एनएचएआई-27 पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे प्रशासनिक प्रयासों से लगभग 20 मिनट में सुचारू करा दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित