जालौन , अप्रैल 27 -- उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के कुठौंद थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसा सुबह करीब छह बजे उमरी-कुठौंद मार्ग पर निजामपुर बंबा के पास हुआ, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुठौंद पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने छुन्ना बाबू (55) को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रदीप बाबू (33) को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

बताया गया कि दोनों मजदूर एचएफ डीलक्स बाइक से रोज की तरह मजदूरी करने उरई जा रहे थे। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित