जालौन , अप्रैल 02 -- उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के राजकीय मेडिकल कॉलेज (उरई) में डॉक्टरों ने एक जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए महिला मरीज के पेट से करीब 20 किलोग्राम की विशाल गांठ निकालकर बड़ी सफलता हासिल की है। कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अरविंद त्रिवेदी ने बताया कि ग्राम मकरंदापुर (कानपुर देहात) निवासी श्रीमती बेबी, पत्नी रामदयाल चौहान, पिछले दो वर्षों से पेट में लगातार बढ़ रही गांठ से पीड़ित थीं। यह गांठ धीरे-धीरे पूरे पेट में फैल गई थी। मरीज ने कई निजी अस्पतालों में इलाज कराया, लेकिन गांठ के अत्यधिक बड़े आकार के कारण अधिकांश स्थानों पर ऑपरेशन से मना कर दिया गया। बाद में वह मेडिकल कॉलेज उरई की ओपीडी में सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. निशांत सक्सेना को दिखाने पहुंचीं, जहां जांच के बाद उन्हें भर्ती कर लिया गया।

डॉक्टरों के अनुसार, मरीज खून की कमी (एनीमिया) से भी पीड़ित थीं। ऑपरेशन से पहले 4 यूनिट और सर्जरी के दौरान 2 यूनिट रक्त चढ़ाया गया। आवश्यक तैयारियों और फिटनेस मिलने के बाद सर्जरी टीम ने जटिल ऑपरेशन कर 20 किलोग्राम की गांठ सफलतापूर्वक निकाल दी।

इस ऑपरेशन में डॉ. निशांत सक्सेना के साथ डॉ. आदर्श डांडे, डॉ. नीरज राजपूत, डॉ. रेनू, एनेस्थीसिया विभाग के डॉ. अनिल, पीजी छात्र डॉ. अरुण चौधरी तथा नर्सिंग स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति स्थिर है और वह स्वस्थ हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित