जालौन , मार्च 18 -- उत्तर प्रदेश के जनपद जालौन में बुधवार को विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्षों की उपलब्धियों को विस्तार से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह सहित अन्य अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के उपरांत सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने प्रेस वार्ता कर जनपद में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नून नदी पुनर्जीवन योजना के अंतर्गत नदी के तल की सफाई, गाद व मलबा हटाकर प्राकृतिक प्रवाह को बहाल किया गया है, जिससे नदी के स्वास्थ्य में सुधार हुआ है। गौवंश संरक्षण के तहत 9 वृहद एवं 331 अस्थायी गौ आश्रय स्थल संचालित हैं, जिनमें से 265 स्थलों पर सोलर कैमरों से निगरानी की जा रही है। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए जनपद को "स्कॉच पुरस्कार" भी प्राप्त हुआ है।
कृषि क्षेत्र में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 2.62 लाख किसानों को 828.82 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है। वहीं, आवास योजनाओं के अंतर्गत हजारों परिवारों को लाभ मिला है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत दो लाख से अधिक व्यक्तिगत शौचालयों का निर्माण कराया गया है।
महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में स्वयं सहायता समूहों द्वारा विभिन्न आजीविका गतिविधियों के साथ बैंकिंग, टेलरिंग एवं अन्य सेवाएं संचालित की जा रही हैं। स्वास्थ्य सेवाओं में आयुष्मान भारत योजना के तहत 4.57 लाख कार्ड बनाए गए तथा 84 हजार से अधिक मरीजों का उपचार किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित