जालौन , फरवरी 3 -- जालौन के जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने मंगलवार को विकास खंड डकोर के ग्राम रेवा का औचक निरीक्षण कर केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का स्थलीय सत्यापन किया।

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास, स्वच्छ भारत मिशन, पेंशन, राशन वितरण और आयुष्मान भारत योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा ग्रामीणों से सीधे संवाद कर समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने कई कार्यों में देरी और अधूरे विकास कार्यों की शिकायत की।

निरीक्षण में सड़कों के किनारे नालियों का अभाव और जलभराव की समस्या सामने आई। गांव में साफ-सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए ग्राम प्रधान के विरुद्ध पद से हटाने की प्रक्रिया शुरू करने और कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत सचिव को 15 दिन के भीतर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का आदेश दिया गया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध विकास सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित