जालंधर , दिसंबर 20 -- नशीले पदार्थों की तस्करी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चल रहे अभियान को और तेज़ करते हुए, पंजाब में जालंधर ग्रामीण पुलिस ने शनिवार को जिले के अलग-अलग इलाकों में विशेष चेकिंग और कासो ऑपरेशन चलाया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्रामीण हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि इस ऑपरेशन दौरान नशीले पदार्थों की संभावित गतिविधियों वाली जगहों, बस स्टैंड, सुनसान इमारतों, खुले खेतों और संवेदनशील इलाकों में गहन जांच की गयी। पुलिस टीमों ने संदिग्धों से पूछताछ की, वाहनों की तलाशी ली और मौके पर सुरक्षा का जायजा लिया। इस दौरान सात मामले दर्ज किये गये और आठ लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 313 गोलियां और दो ग्राम हेरोइन बरामद की गयीं। श्री विर्क ने कहा कि जालंधर ग्रामीण पुलिस 'युद्ध नशियां विरुद्ध' अभियान के तहत नशीले पदार्थों के तस्करों और उनके साथियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य मकसद सिर्फ कानूनी कार्रवाई करना नहीं है, बल्कि युवाओं को नशे की लत से बचाना और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना भी है। इस अभियान के दौरान, पुलिस को कई महत्वपूर्ण सूत्र और जानकारी भी मिली, जिसके आधार पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित