जालंधर , मार्च 13 -- पंजाब में जालंधर के जिला उपायुक्त डॉ हिमांशु अग्रवाल द्वारा आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने के उद्देश्य से, गैस सिलेंडरों की उपलब्धता को सुचारू और पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष कमेटी का गठन किया गया है।
उपायुक्त अग्रवाल ने शुक्रवार को बताया कि वर्तमान परिस्थितियों और जिले के भीतर गैस सिलेंडरों की संभावित कमी व कालाबाजारी के संबंध में प्राप्त कुछ शिकायतों के मद्देनजर, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (सामान्य) की अध्यक्षता में यह कमेटी बनायी गयी है। अतिरिक्त उपायुक्त (सामान्य), जालंधर को इस उच्च स्तरीय कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गा है जबकि अतिरिक्त मुख्य प्रशासक (पुडा), संयुक्त आयुक्त (नगर निगम), एसीपी मुख्यालय (पुलिस कमिश्नर कार्यालय) और जिला आबकारी एवं कर कमिश्नर को सदस्य और जिला नियंत्रक, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले सदस्य सह संयोजक नियुक्त किया गया है।
यह कमेटी अपनी टीमों के माध्यम से जिले में समय-समय पर औचक निरीक्षण करेगी ताकि अवैध जमाखोरी और भंडारण को रोका जा सके। उल्लंघन पाये जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कमेटी यह भी सुनिश्चित करेगी कि घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए न हो। ऐसा पाये जाने पर संबंधित व्यक्तियों या संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई होगी। जिले की सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने कार्यालयी फोन नंबर और हेल्पलाइन नंबर हमेशा चालू रखें। यदि किसी कारणवश ऑनलाइन बुकिंग संभव नहीं होती, तो जनता की सुविधा के लिए एजेंसियों को ऑफलाइन बुकिंग भी स्वीकार करनी होगी और समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करनी होगी।
उपायुक्त ने कहा कि यह कमेटी समय-समय पर आपूर्ति और वितरण प्रणाली की समीक्षा करेगी और प्राप्त शिकायतों पर तत्काल निर्णय लेगी। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों से सावधान रहें और घबरायें नहीं। उपायुक्त द्वारा जारी किये गये, ये आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित