जामताड़ा , दिसंबर 17 -- झारखंड में जामताड़ा जिले के जामताड़ा साइबर थाना पुलिस को बुधवार को अंतरजिला साइबर अपराध गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल हुई है।
अपराधी मोबाइल ऐप के माध्यम से लोगों को झांसे में लेकर साइबर ठगी की घटना को अंजाम देते थे। मामले का खुलासा डीएसपी चंद्रशेखर ने साइबर थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किया।
डीएसपी ने बताया कि एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश मंडल के नेतृत्व में टीम गठित की गई। जिसमें इंस्पेक्टर नितिश कुमार एसआई हीरालाल महतो एवं अन्य पुलिसकर्मियों को शामिल करते हुए करमाटांड़ थानान्तर्गत कठबरारी से रंगामटिया जाने वाली कच्ची सड़क के बगल स्थित जोरिया के 50 मीटर दूर स्थित पलाश मैदान में छापेमारी की गई।
जहां से करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सिराज अंसारी व मो इजहार अंसारी, देवघर जिला अंतर्गत सारठ थाना क्षेत्र के बसमता निवासी चांद मिर्जा तथा करमाटांड़ के मो बेलाल अंसारी को साइबर अपराध करते हुए गिरफ्तार किया है। इसके पास से फर्जी मोबाइल, सिम, एटीएम कार्ड, चेकबुक, पैन कार्ड, आधार कार्ड, वोटर कार्ड बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में इनके विरूद्ध जामताड़ा साइबर अपराध थाना कांड संख्या 74/25 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार साइबर फ्रॉड के पास से 8 मोबाइल, 13 सिम कार्ड, 2 एटीएम कार्ड तथा 1 आधार कार्ड बरामद किया गया है।
डीएसपी चंद्रशेखर ने बताया कि ये अपराधी कॉम्पेरीफाई ऐप से 2999 रुपए केक कैशबैक का मैसेज भेजते थे तथा उसे एक्सेप्ट करने को कहते थे। जैसे हीं लोग उस मैसेज को एक्सेप्ट करते थे उनके खाते से कॉम्पेरीफाई ऐप में पैसा कट के चला जाता था। जिस राशि से वह गिफ्ट कार्ड खरीदते थे और कमीशन पर बेचते थे। बताया कि इनका कार्यक्षेत्र मुलत: झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तरप्रदेश है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित