टोक्यो , दिसंबर 21 -- जापान निजी क्षेत्र के साथ मिलकर लगभग तीन ट्रिलियन येन (लगभग 19 बिलियन अमेरिकी डॉलर) की लागत से एक राष्ट्रीय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) प्रणाली परियोजना शुरू करेगा।
'योमिउरी' समाचार पत्र ने बताया कि सॉफ्टबैंक और दस से अधिक अन्य जापानी कंपनियों द्वारा अगले वसंत में देश का सबसे बड़ा 'एआई बेसलाइन मॉडल' विकसित करने के लिए एक नया उद्यम स्थापित करने की उम्मीद है। इस परियोजना का उद्देश्य जापान, अमेरिका और चीन के बीच एआई के मामले में बढती खाई को पाटना है।
नयी कंपनी सॉफ्टबैंक के नेतृत्व में बनायी जायेगी और इसमें सॉफ्टबैंक के इंजीनियरों और 'प्रिफर्ड नेटवर्क्स' के डेवलपर सहित एक प्रतियोगिता के माध्यम से चुनी गई कंपनियों के लगभग 100 विशेषज्ञों को एक साथ लाया जाएगा।
विकसित किए जा रहे मॉडल के एक लाख करोड़ पैरामीटर के स्तर तक पहुँचने की उम्मीद है, जो अमेरिका और चीन के प्रमुख वैश्विक एआई मॉडल के बराबर है। पैरामीटर वे संख्याएँ या मान होते हैं जिनके आधार पर कोई एआई सिस्टम, मॉडल या मशीन निर्णय लेना सीखती है। इस मॉडल को जापानी कंपनियों के लिए खुला (ओपन) रखने की योजना है ताकि वे विनिर्माण से लेकर रोबोटिक्स तक अपनी जरूरतों के हिसाब से इसे 'अनुकूलित' कर सकें।
मॉडल को प्रशिक्षित करने के लिए, कंपनी अमेरिकी चिप निर्माता एनवीडिया से बड़ी मात्रा में उन्नत सेमीकंडक्टर खरीदेगी और एक बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचा तैयार करेगी। परियोजना की भारी लागत के कारण, सरकार सब्सिडी के माध्यम से बुनियादी ढांचे की लागत का आंशिक रूप से वहन करेगी। साथ ही, एआई प्रशिक्षण के लिए डेटा संग्रह और अधिग्रहण में भी मदद करेगी।
कंपनी वर्तमान में होक्काइडो के टोमाकोमाई शहर और ओसाका प्रान्त के सकाई में डेटा सेंटर बना रही है, जिनके वित्तीय वर्ष 2026 तक चालू होने की संभावना है। उम्मीद है कि ये सुविधाएं राष्ट्रीय एआई बुनियादी ढांचे की नींव रखेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित