टोक्यो , फरवरी 04 -- जापान में 20 जनवरी को शुरू हुई भारी बर्फबारी में अब तक 35 लोगों की मौत हो चुकी है और 358 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। जापान की अग्नि एवं आपदा प्रबंधन एजेंसी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
एजेंसी ने बताया कि निगाता, अकिता, यामागाता, होक्काइडो और आओमोरी सहित कई जनपदों में मौतें दर्ज की गयी हैं। जापान सागर के तट पर मौजूद निगाता जनपद सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है, जहां 12 लोग मारे जा चुके हैं।
अधिकारियों के अनुसार, कई लोग सड़कों और छतों से बर्फ हटाते हुए मरे हैं, जिनमें छत से गिरकर मरने वाले भी शामिल हैं। काम के दौरान अचानक बुखार आने से भी कई लोगों की मौत हुई है।
जापान के मौसम विभाग ने कहा कि शीतकालीन दबाव के एक पैटर्न के कारण जापान सागर के किनारे भारी बर्फबारी हुई है। सरकारी प्रसारक एनएचके ने कहा कि आओमोरी जनपद में 4.3 मीटर से ज्यादा बर्फ इकट्टा हो गयी है, जबकि निगाता के कई इलाकों में तीन मीटर तक बर्फ जमा हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित