नयी दिल्ली , अप्रैल 08 -- जापान के मित्सुबिशी यूएफजे फाइनेंशियल ग्रुप (एमयूएफजी) की सहायक कंपनी एमयूएफजी बैंक ने श्रीराम फाइनेंस लिमिटेड (एसएफएल) की 20 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल कर पूर्व में घोषित निवेश की प्रक्रिया पूरी कर ली है।

श्रीराम फाइनेंस के निदेशक मंडल की बुधवार सुबह हुई बैठक में मंजूरी के बाद जापानी बैंक को वरीयता के आधार पर 47,11,21,055 इक्विटी शेयर जारी किये गये।

कंपनी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि एमयूएफजी बैंक ने 840.93 रुपये प्रति शेयर के भाव से इन शेयरों को खरीदने के लिए करीब 3,96,180 करोड़ रुपये का निवेश किया है। कंपनी का दो रुपये अंकित मूल्य वाला शेयर आज 93 रुपये (9.99 प्रतिशत) चढ़कर 1,023.55 रुपये पर बंद हुआ।

इस निवेश को प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) सहित सभी जरूरी नियामकीय मंजूरियां मिल चुकी हैं।

शेयर आवंटन के बाद एमयूएफजी बैंक की श्रीराम फाइनेंस में हिस्सेदारी पूरी तरह डायल्यूटेड आधार पर 20 प्रतिशत हो गयी है। यह सौदा भारत के वित्तीय सेवा क्षेत्र में अब तक का सबसे बड़ा विदेशी निवेश माना जा रहा है।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह निवेश एमयूएफजी की भारत में मौजूदगी को मजबूत करेगा। श्रीराम फाइनेंस को वैश्विक विशेषज्ञता का लाभ उठाकर अपने दीर्घकालिक विकास को गति देने में मदद करेगा। दोनों कंपनियों के बीच यह साझेदारी सतत विकास और वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने की दिशा में उठाया गया अहम कदम मानी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित