टोक्यो , फरवरी 09 -- जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची ने आम चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए निचले सदन में प्रचंड बहुमत हासिल किया है। उनके नेतृत्व वाली लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) ने अपने गठबंधन सहयोगियों के साथ मिलकर दो-तिहाई बहुमत प्राप्त किया।
देश की पहली महिला प्रधानमंत्री होने का गौरव रखने वाली सुश्री ताकाइची के नेतृत्व में एलडीपी और उसके सहयोगी जापान इनोवेशन पार्टी (इशिन) ने कुल 465 में से 352 सीटों पर विजय प्राप्त की। इनमें एलडीपी को अकेले 316 सीटें मिलीं, जबकि इशिन ने 36 सीटें जीतीं।
भारी बर्फबारी के बावजूद मतदान प्रतिशत में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। इस बार रिकॉर्ड 55.68 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं, नवगठित सेंट्रिस्ट रिफॉर्म अलायंस (सीआरए) -जो कॉन्स्टिट्यूशनल डेमोक्रेटिक पार्टी और कोमेतो के विलय से बना था-को करारी हार का सामना करना पड़ा। चुनाव पूर्व 167 सीटों के संयुक्त आंकड़े से गिरकर यह गठबंधन मात्र 49 सीटों तक सिमट गया।
निचले सदन में भारी बहुमत मिलने के बाद सुश्री ताकाइची अब ऊपरी सदन में विरोध को दरकिनार कर नीतिगत फैसले लेने में सक्षम होंगी। इससे उन्हें जापान के संविधान में संशोधन का मार्ग भी प्रशस्त हो सकता है।
कंजरवेटिव विचारधारा की प्रबल समर्थक ताकाइची ने एलडीपी के पारंपरिक आधार को मजबूत करते हुए जापान के शांतिवादी संविधान में संशोधन, अमेरिका पर सुरक्षा निर्भरता कम करने, पारंपरिक मूल्यों को बढ़ावा देने, अर्थव्यवस्था को सशक्त करने और तेजी से वृद्ध होती जनसंख्या की समस्या से निपटने जैसे मुद्दों को प्रमुखता दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित