दंतेवाड़ा , जनवरी 29 -- छत्तीसगढ के दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले के थाना भांसी क्षेत्र में जादू-टोने के आरोप में एक व्यक्ति की हत्या करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी का नाम भीमा अतरा (66) है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना मंगलवार को शाम थाना भांसी के ग्राम मांझीपारा मसेनार में हुई। पीड़ित मुरहा अतरा और आरोपी भीमा अतरा के बीच जादू-टोने को लेकर विवाद हो गया। इसी विवाद के दौरान आरोपी भीमा अतरा ने गुस्से में आकर पास से लकड़ी का एक मोटा डंडे से मुरहा अतरा के सिर पर जानलेवा प्रहार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया।

मृतक के परिजन अनिल अतरा की शिकायत पर थाना भांसी में धारा 103 (1) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर के बर्मन और अनुसन्धान अधिकारी कपिल चन्द्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप बिसेन की अगुवाई में एक विशेष टीम गठित की गई। त्वरित अनुसन्धान और दबिश के बाद पुलिस ने आज दोपहर आरोपी भीमा अतरा को ग्राम मसेनार से गिरफ्तार कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित