जशपुर , अप्रैल 04 -- छत्तीसगढ़ में जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत गितारीपानी गांव में अंधविश्वास के चलते एक वृद्ध महिला की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी छंदनू राम (31) पिता मंगरू, निवासी गितारीपानी, पहाड़ी कोरवा समुदाय से संबंधित है। आरोप है कि उसने गांव में अकेले रह रही वृद्ध महिला फूलमइत बाई (71) की लकड़ी के डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना 04 अप्रैल से पहले की रात की बताई जा रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी के बच्चे अक्सर बीमार रहते थे, जिसके कारण वह फूलमइत बाई पर जादू-टोना करने का संदेह करता था। इसी संदेह के आधार पर उसने वारदात को अंजाम दिया। ग्रामीणों के अनुसार, मृतिका रात्रि में भोजन कर अपने घर में सो रही थी, तभी आरोपी ने उसके सिर और चेहरे पर डंडे से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर 04 अप्रैल को बगीचा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान ग्रामीणों के बयान भी दर्ज किए गए, जिनमें घटना के समय की परिस्थितियों की पुष्टि हुई।

एसडीओपी दिलीप कोसले ने बताया कि बगीचा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर छंदनू राम को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पाटनवार सहित पुलिस टीम ने मामले में आवश्यक कार्रवाई की। यह घटना क्षेत्र में व्याप्त अंधविश्वास की गंभीर समस्या को उजागर करती है, जहां संदेह के आधार पर एक वृद्ध महिला की जान चली गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित