चंडीगढ़ , अप्रैल 23 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप ) के प्रवक्ता नील गर्ग ने बिजली कटौती को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ के बयान पर तीखा पलटवार किया है।
श्री गर्ग ने गुरुवार को कहा कि यह बेहद विडंबनापूर्ण है कि जिन लोगों ने अपने शासनकाल में पंजाब को लंबे समय तक बिजली संकट और अंधेरे में धकेला, वही आज सिस्टम को मजबूत करने के लिए की जा रही महज दो घंटे की मेंटेनेंस कटौती पर राजनीति कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि श्री जाखड़ को शायद याद नहीं कि उनके कार्यकाल और उनके पूर्व सहयोगियों के समय लंबे-लंबे बिजली कट आम बात थे। उस दौरान किसान ठंडी और अंधेरी रातों में खेतों की सिंचाई करने को मजबूर थे, उद्योग ठप हो जाते थे और बिजली ढांचा पूरी तरह चरमरा गया था।
श्री गर्ग ने कहा कि उस समय उनके लिए अंधेरा "सामान्य" था, लेकिन आज जब सरकार व्यवस्था को सुधारने का काम कर रही है, तो उन्हें यह "समस्या" नजर आ रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मौजूदा बिजली कटौती भविष्य में बड़े तकनीकी फॉल्ट से बचने और बिजली ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से की जा रही है।
प्रवक्ता ने दावा किया कि आज पंजाब में रिकॉर्ड स्तर पर बिजली उत्पादन हो रहा है और लोगों को मुफ्त तथा निर्बाध बिजली मिल रही है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों की लापरवाही और भ्रष्टाचार से कमजोर हुए सिस्टम को ठीक करने की जिम्मेदारी मौजूदा सरकार प्रभावी ढंग से निभा रही है। उन्होंने कहा कि कुछ नेताओं को पंजाब में आ रही "रोशनी" पच नहीं रही है, इसलिए वे इस तरह के बयानों के जरिए राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित