जांजगीर , फरवरी 12 -- छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के चांपा शहर में गुरुवार को आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोयला व्यवसाय से जुड़े कारोबारियों के चार अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। कार्रवाई से शहर के व्यावसायिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोयला कारोबारी अविनाश मुरारका, अंशुमान मुरारका, अंकुर मुरारका के साथ-साथ विनोद अग्रवाल और उनके भाई बिलासपुर निवासी प्रमोद अग्रवाल के प्रतिष्ठानों पर आयकर विभाग की टीम ने एक साथ जांच शुरू की है।

आज सुबह लगभग 11:30 बजे दो वाहनों में पहुंचे करीब 10 से 12 अधिकारियों ने संबंधित प्रतिष्ठानों में प्रवेश कर दस्तावेजों की जांच प्रारंभ की। बिर्रा रोड स्थित एक प्रतिष्ठान में अधिकारियों के पहुंचते ही मुख्य गेट बंद करवा दिए गए तथा बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। अंदर मौजूद कर्मचारियों को फिलहाल बाहर आने की अनुमति नहीं दी गई है।

सूत्रों के मुताबिक, कार्रवाई में शामिल टीम राजधानी रायपुर से आई है। साथ ही बिलासपुर और चांपा के अन्य ठिकानों पर भी जांच की जा रही है।

आयकर विभाग की ओर से हालांकि अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, जिससे कार्रवाई के कारणों और दायरे को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। विभागीय पुष्टि के बाद ही पूरे मामले की विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित