लखनऊ , दिसंबर 16 -- समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है और कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।

उन्होंने कफ सिरप मामले को "बड़ा घोटाला" बताते हुए कहा कि जहरीले सिरप से कई लोगों की जान चली, लेकिन सरकार आरोपियों को बचाने में लगी है। उनका आरोप है कि करीब 700 फर्जी कंपनियों के जरिए हजारों करोड़ रुपये का अवैध कारोबार हुआ, फिर भी कार्रवाई नहीं हुई। अधिकारियों में इतना डर है कि आरोपी के घरों का वैल्यूएशन तक नहीं किया जा रहा।

मंगलवार को पार्टी की तरफ से जारी बयान में अखिलेश यादव ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कहा कि भाजपा वोट कटवाने के लिए यह प्रक्रिया चला रही है और आम जनता को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एसआईआर में आधार कार्ड तक नहीं माना जा रहा। मुख्यमंत्री के बयान का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि अगर चार करोड़ वोट कटे हैं तो हर विधानसभा में भाजपा के लगभग 84 हजार वोट कटे होंगे, जिससे साफ है कि भाजपा अभी से हार चुकी है।

भाजपा की राजनीति पर कटाक्ष करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जो दूसरों के लिए गड्ढा खोदता है, वही खुद उसमें गिरता है। भाजपा नकारात्मक और साम्प्रदायिक राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा भगवानों और महापुरुषों को केवल नारे और स्लोगन तक सीमित रखती है, उनके विचारों पर नहीं चलती। उत्तर प्रदेश में साम्प्रदायिक भाषा को जनता स्वीकार नहीं करेगी, इसका प्रमाण अयोध्या की जनता ने भाजपा को हराकर दे दिया है।

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा लोकसभा चुनाव में हार चुकी है और विधानसभा चुनाव में भी हारेगी। इंडिया गठबंधन को मजबूत बताते हुए उन्होंने कहा कि गठबंधन को और सशक्त किया जाएगा। सीट बंटवारे पर उन्होंने स्पष्ट किया कि सवाल सीट का नहीं बल्कि जीत का होगा। जो पार्टी भाजपा के खिलाफ जीत सकती है, वही चुनाव लड़ेगी, जैसा लोकसभा चुनाव में किया गया।

भाजपा को "पूंजीवादी पार्टी" बताते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा शासन में कुछ पूंजीपतियों ने बैंकों से भारी कर्ज लेकर खुद को बड़ा उद्योगपति बना लिया। उन्होंने घोषणा की कि समाजवादी पार्टी सत्ता में आने पर गरीब महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये देगी। उन्होंने याद दिलाया कि समाजवादी सरकार के समय महिलाओं को पेंशन दी जाती थी, जिसे आगे और बढ़ाया जाएगा।

आर्थिक मोर्चे पर उन्होंने कहा कि रुपये की गिरती कीमत देश की कमजोर अर्थव्यवस्था को दर्शाती है। भाजपा सरकार के विकास के दावे झूठे हैं। किसान, नौजवान और आम लोग परेशान हैं। समाजवादी सरकार के कार्यकाल में लैपटॉप वितरण, औद्योगिक नीति, निवेश, एक्सप्रेस-वे और परफ्यूमरी पार्क जैसी योजनाएं शुरू हुईं, जिन्हें भाजपा आगे नहीं बढ़ा सकी। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल सपने दिखाती है, जबकि समाजवादी पार्टी विकास और सामाजिक न्याय की राजनीति करती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित