फगवाड़ा , अप्रैल 20 -- पंजाब के कपूरथला जिले में भुलाथ क्षेत्र में परमानेंट रेजिडेंसी (पीआर) मिलनेकी खुशी में रविवार को मनाये जा रहे जश्न के दौरान पटाखों से उठी चिंगारी ने खेतों में आग लगा दी, जिससे ट्रैक्टर सहित बड़े क्षेत्र में खड़ी फसल को काफी नुकसान पहुंचा।

यह घटना कपूरथला जिले के भुलाथ के नजदीक एक गांव में हुई, जहां परिवार जश्न मनाया रहा था।

मौके से मिली जानकारी के अनुसार, जश्न के दौरान चलाये गये पटाखों की चिंगारियां खेतों में पड़े सूखे अवशेषों पर गिर गयीं, जिससे आग भड़क उठी। पास में खड़ा या चल रहा ट्रैक्टर भी आग की चपेट में आ गया, जिससे उसके पहियों और इंजन के आसपास लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते ट्रैक्टर का बड़ा हिस्सा आग में घिर गया। तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैल गयी और सूखी गेहूं की फसल ने आग को और भड़काने का काम किया। कुछ ही समय में करीब 30 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गयी। आग की चपेट में आने से ट्रैक्टर को भी भारी नुकसान पहुंचा।

स्थानीय किसानों और लोगों ने आग बुझाने की काफी कोशिशें कीं, लेकिन आग की तीव्रता के कारण इसे नियंत्रित करना मुश्किल हो गया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीमों को बुलाया गया, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक हालांकि भारी कृषि नुकसान हो चुका था और कई किसानों की खड़ीफसल जल गयी।

जानकारी के अनुसार, इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। घटना की सूचना प्रशासन को देदी गयी है और मामला दर्ज कर लिया गया है। अधिकारी अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहे हैं और यह भी देखा जा रहा है कि जश्न के दौरान पटाखों के इस्तेमाल की क्या भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित