जशपुर , मार्च 06 -- छत्तीसगढ़ में जशपुर जिले के करडेगा-कुनकुरी मार्ग पर शुक्रवार को एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गयी, जिसके कारण पांच यात्रियों की मौत हो गयी तथा 14 अन्य लोग घायल हो गये।
प्राप्त जानकारी के अनुसार करडेगा से कुनकुरी आ रही यात्री बस करडेगा चौकी क्षेत्र के गोड़ाअंबा के पास अनियंत्रित होकर पलट गयी। इस हादसे में पांच यात्रियों की मौत हो गयी तथा 14 ज्यादा लोग घायल हुए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस का ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है। नियंत्रण खोने के बाद बस सड़क किनारे निर्माणाधीन भवन की दीवार तोड़ते हुए पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को बस से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
मुख्यमंत्री कार्यालय के निर्देश पर तत्काल एम्बुलेंस सेवा मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर तीन एम्बुलेंस भेजी गईं, जिनकी मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।सभी घायलों को कुनकुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा होलीक्रॉस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
इस दर्दनाक हादसे में मृतकों में एक छोटा बच्चा भी शामिल बताया जा रहा है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
जशपुर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमएचओ) जीएस जात्रा ने आधिकारिक तौर पर तीन मौतों की पुष्टि की है। उन्होंने कहा है कि यह आंकड़ा बढ़ सकता है।फिलहाल वे मरीजों की चिकित्सा पर विशेष रुप से ध्यान दे रहे हैं।हालांकि विश्वस्त सूत्रों की मानें तो अब तक पांच लोगों की इस हादसे में मौत की खबर है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित