जशपुर, जनवरी 15 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर में धान खरीदी के मौसम में अवैध परिवहन और बिचौलियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने चौकी दोकड़ा क्षेत्र में गत दो दिनों में अलग-अलग मामलों में दो ट्रैक्टरों और एक पिकअप वाहन से कुल 123 क्विंटल अवैध धान जब्त किया है। इन वाहन चालकों के पास धान के परिवहन के कोई वैध दस्तावेज नहीं थे।

गुरुवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार पहला मामला 13 जनवरी का है, जब पुलिस को सूचना मिली कि बिना नंबर प्लेट वाले दो ट्रैक्टर सुजीबहार से बगिया की ओर भारी मात्रा में धान ले जा रहे हैं। पुलिस ने त्वरित कार्यवाही कर दोनों ट्रैक्टरों को सुजीबहार के पास रोक लिया। तलाशी में प्रत्येक में 125-125 बोरियों सहित कुल 250 बोरी धान बरामद हुई। चालकों यमन बेहरा (24) और मुनेश्वर राम (20) ने बताया कि वे इसे एक राइस मिल से लेकर धान उपार्जन केंद्र में किसी अन्य किसान के टोकन पर खपाने ले जा रहे थे। इस मामले में संबंधित वेदांश राइस मिल को भी अनियमितताओं के आधार पर सील कर दिया गया है।

दूसरा मामला बुधवार का है, जब पुलिस ने चोगरीबहार के पास झारखंड से आ रहे एक संदिग्ध पिकअप को रोका। वाहन से 56 बोरी में 29 क्विंटल धान मिला। चालक जगरनाथ यादव (42) भी कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। दोनों ही मामलों में जब्त धान और वाहनों को कार्यवाही के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने आज बताया कि अवैध धान परिवहन पर पुलिस की सक्रिय नजर है। इस वर्ष अब तक 2200 क्विंटल से अधिक धान जब्त कर प्रशासन को सौंपा जा चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि धान बिचौलियों के खिलाफ यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी ताकि राजधानी योजना का लाभ सीधे असली किसानों तक पहुंच सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित