जशपुर , जनवरी 30 -- पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर लाल उमेद सिंह ने शुक्रवार को जशपुर स्थित रक्षित केंद्र का वार्षिक निरीक्षण किया।
इस अवसर पर श्री सिंह ने केंद्र में आयोजित परेड की सलामी ली और विस्तृत निरीक्षण किया। परेड में जिला पुलिस के 134 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट टर्नआउट वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत भी किया गया।
निरीक्षण कार्यक्रम के तहत उप महानिरीक्षक सिंह ने रक्षित केंद्र के वाहन शाखा का जायजा लिया। उन्होंने शासकीय वाहनों की वर्तमान स्थिति, रखरखाव और संबंधित दस्तावेजों की जांच की। वाहन चालकों को गाड़ियों को बेहतर हालत में रखने के निर्देश दिए गए।
इसके पश्चात, पुलिस प्रमुख ने अधिकारियों व कर्मचारियों से सीधा संवाद स्थापित करने हेतु दरबार सभा का आयोजन किया। अपने संबोधन में उन्होंने जनता के प्रति संवेदनशील रहते हुए पुलिसिंग को नई ऊंचाइयों पर ले जाने पर बल दिया। उन्होंने कार्यस्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने, स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा नशे से दूर रहने की सीख दी। साथ ही, आधुनिक जरूरतों को देखते हुए कंप्यूटर ज्ञान और चार-पहिया वाहन चलाने की क्षमता विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने घोषणा की कि पुलिसकर्मियों के लिए इस संबंध में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दरबार में उपस्थित कर्मचारियों की समस्याएं सुनी गईं और उनका त्वरित निराकरण किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित