जशपुर , दिसंबर 14 -- पुलिस कार्यालय जशपुर में रविवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह की अध्यक्षता में अनुविभागवार अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी तथा विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे। एसएसपी ने लंबित अपराध, चालान, मर्ग एवं शिकायतों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए इनके शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए।
एसएसपी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्ष का अंतिम माह होने के कारण सभी लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। विवेचकों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि कार्य में लापरवाही या अवैध गतिविधियों में किसी भी प्रकार की संलिप्तता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गौ-तस्करी, अवैध शराब, गांजा व नशीली दवाओं की तस्करी, जुआ-सट्टा और अन्य अवैध कारोबार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में सड़क सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए ओवर स्पीड, नशे में वाहन चलाने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। दुर्घटनाओं की स्थिति में पूर्व से "लाइन ऑफ एक्शन" तैयार रखने और घायलों को त्वरित उपचार दिलाने पर बल दिया गया। साथ ही ब्लैक स्पॉट पर कार्रवाई और लंबित आई-रेड प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश भी दिए गए।
धान खरीदी के मौसम को देखते हुए अन्य राज्यों से हो रहे अवैध धान परिवहन पर कड़ी निगरानी रखने, सीमावर्ती क्षेत्रों और अंतरराज्यीय मार्गों पर चेक-प्वाइंट लगाकर सघन जांच करने के निर्देश दिए गए। आगामी वीआईपी और वीवीआईपी प्रवास को ध्यान में रखते हुए अभी से सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने को कहा गया।
एसएसपी ने कानून व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए मुखबिर तंत्र को और अधिक सक्रिय करने, निरंतर पेट्रोलिंग, पैदल मार्च और विजिबल पुलिसिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी फरियादी थाना से निराश होकर न लौटे, सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित