वाराणसी , फरवरी 3 -- वाराणसी में कैंट रेलवे स्टेशन के सामने इंग्लिशिया लाइन स्थित जवाहरलाल नेहरू व्यावसायिक केंद्र का वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) पुनर्विकास करेगा।

मंगलवार को वीडीए उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने एनबीसीसी के अधिकारियों और परियोजना वास्तुकार के साथ स्थल का निरीक्षण कर प्रस्तावित योजना पर दुकानदारों व हितधारकों से चर्चा की।

प्राधिकरण ने परिसर को आधुनिक और सुरक्षित स्वरूप देने के लिए एनबीसीसी के साथ एमओयू किया है। प्रारंभिक प्रस्ताव के अनुसार बेसमेंट सहित जी 12 मंजिला अत्याधुनिक वाणिज्यिक भवन बनाया जाएगा। डिजाइन में 18 मीटर सड़क चौड़ीकरण, आवश्यक सेटबैक और भवन उपविधियों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे पार्किंग, आंतरिक आवागमन और अन्य सुविधाएं बेहतर हो सकें।

करीब 6,600 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में फैला यह जी 2 भवन 1980 के दशक में विकसित हुआ था और वर्तमान में यहां 179 दुकानें व 6 कार्यालय संचालित हैं। समय के साथ संरचना जर्जर हो चुकी है तथा अतिक्रमण, जल निकासी, यातायात और स्वच्छता जैसी समस्याएं बढ़ गई हैं। इन चुनौतियों को दूर कर परिसर की आर्थिक क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से समग्र पुनर्विकास की योजना तैयार की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित