सीहोर , मई 08 -- मध्यप्रदेश सरकार में सिहोर जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर ने जिले में जल संवर्धन योजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने और पेयजल समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए हैं।
श्रीमती गौर ने आज शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में सिहोर जिले के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाया जाए तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए।
उन्होंने विशेष रूप से जल संवर्धन, पेयजल व्यवस्था, गेहूं खरीदी और जिले में संचालित नवाचार कार्यक्रमों की समीक्षा की। मंत्री ने कहा कि जहां-जहां पेयजल की समस्या है, वहां तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में विधायक सुदेश राय, आष्टा विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर, जिला भाजपा अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना सुरेन्द्र मेवाड़ा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर, कलेक्टर बालागुरू के., पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना तथा जिला पंचायत सीईओ सर्जना सिंह सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित