बैतूल , अप्रैल 14 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में पेयजल संकट को गंभीरता से लेते हुए नवागत कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने समस्या के स्थायी समाधान के लिए दीर्घकालीन योजना तैयार करने की बात कही है।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित पत्रकार वार्ता में कलेक्टर ने कहा कि भूजल स्तर में लगातार गिरावट के कारण शहरी क्षेत्रों में जल उपलब्धता प्रभावित हुई है। इसे ध्यान में रखते हुए 10 से 15 वर्षों की आवश्यकता के अनुरूप ठोस प्रोजेक्ट तैयार किए जाएंगे, ताकि नागरिकों को दीर्घकालिक राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि जल प्रबंधन के लिए "जल गंगा संवर्धन अभियान" के तहत गंभीरता से कार्य किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य केवल आंकड़ों में उपलब्धियां दिखाना नहीं, बल्कि धरातल पर वास्तविक परिणाम सुनिश्चित करना है। इसके लिए जिले में अधिक से अधिक जल संरचनाओं का निर्माण और जल संरक्षण को प्राथमिकता दी जाएगी।
सीएम हेल्पलाइन के मामलों को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि अब किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतों के निराकरण के लिए प्रभावी तंत्र विकसित किया जाएगा और स्वयं कलेक्टर भी यादृच्छिक रूप से शिकायतकर्ताओं से संपर्क कर फीडबैक लेंगे, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
कृषि उपज मंडी की अव्यवस्थाओं पर उन्होंने कहा कि वे स्वयं निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश देंगे, ताकि किसानों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। समस्याओं के अनुसार प्राथमिकताएं तय कर हर स्तर पर जिम्मेदारी सुनिश्चित की जाएगी।
कलेक्टर ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता पर जोर देते हुए कहा कि लंबित मामलों की गहन समीक्षा की जाएगी और जो कार्य जिस स्तर पर होना है, वहीं समय पर पूर्ण किया जाएगा। ब्लॉक और तहसील स्तर पर शिकायतें लंबित रहने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। राजस्व प्रकरणों का भी समयसीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर उन्होंने "जीरो टॉलरेंस" की नीति अपनाने की बात दोहराई और कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कोई भी अधिकारी अपने अधीनस्थों का हवाला देकर जिम्मेदारी से नहीं बच सकेगा।
उन्होंने मीडिया के साथ सकारात्मक संबंध बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताते हुए नियमित संवाद और त्रैमासिक बैठकों का रोस्टर बनाने के निर्देश दिए तथा मीडिया से प्राप्त सुझावों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर जिला जनसंपर्क अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित